भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए 30 मार्च 2026 को विशेष सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर समाज कल्याण विभाग दुर्ग के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें पूर्व में चिन्हांकित हितग्राहियों को आवश्यक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
पहले हुए शिविर के आधार पर चयन
उल्लेखनीय है कि 19 फरवरी 2026 को आयोजित दिव्यांग शिविर में शहर के कई दिव्यांगजनों ने सहायक उपकरणों के लिए आवेदन किया था। उसी आधार पर पात्र हितग्राहियों का चयन किया गया है, जिन्हें अब इस शिविर में उपकरण वितरित किए जाएंगे।
मानस भवन में होगा आयोजन
यह विशेष शिविर मानस भवन दुर्ग (रविशंकर स्टेडियम, बस स्टैंड के पास) में आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके दैनिक जीवन में सहूलियत प्रदान करना है, जिससे वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकें।
निगम प्रशासन की अपील
नगर निगम प्रशासन ने सभी चिन्हित हितग्राहियों से निर्धारित तिथि और स्थान पर समय पर उपस्थित होकर उपकरण प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही, अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार और मुनादी के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रह जाए।
