रायपुर। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गठित एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है।
कमल होटल के पास पकड़े गए आरोपी
27 मार्च 2026 को टिकरापारा क्षेत्र में कमल होटल के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों के बाइक बेचने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कमलेश साहू (39) निवासी रायपुर और संतोष राजपूत उर्फ कालिया (50) निवासी उड़ीसा बताया। दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
शहर के कई थानों में दर्ज हैं मामले
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रायपुर के टिकरापारा, गोलबाजार, मौदहापारा, पुरानी बस्ती और आजाद चौक थाना क्षेत्रों से कुल 6 दोपहिया वाहन चोरी किए थे। इन सभी मामलों में अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध हैं।
उड़ीसा में करते थे बिक्री
आरोपी चोरी की गाड़ियों को उड़ीसा ले जाकर बेचते थे। पुलिस अब उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
पुराना अपराधी भी शामिल
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कमलेश साहू पहले भी वाहन चोरी और आबकारी एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए अभियान जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
