Wednesday, October 28, 2026
Home » Blog » Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम बदल गया है। रायपुर, रायगढ़ और गरियाबंद में बारिश हो रही है।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम बिगड़ गया है। राज्य के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

छत्तीसगढ़ में 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर को बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने लगी है।


हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ स्थानों पर 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका भी जताई गई है। कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

रायपुर, रायगढ़ और गरियाबंद में बदला मौसम

चक्रवात के प्रभाव से रायपुर और रायगढ़ में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। गरियाबंद में देर रात से बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का असर अधिक रहने की आशंका है।

कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी

खराब मौसम और संभावित जोखिम को देखते हुए बस्तर और सुकमा जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जगदलपुर सहित प्रभावित क्षेत्रों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। रायपुर, गरियाबंद और दुर्ग में भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं, कोरिया, सूरजपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) में अगले दिन स्कूल बंद रखने की जानकारी दी गई है। अभिभावकों और विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे स्कूलों से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार ही आगे की योजना बनाएं।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी तूफान का असर

मिली जानकारी के मुताबिक, चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हुई है और 31 घरों को नुकसान पहुंचा है। करीब 57 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

ओडिशा में भारी बारिश के कारण 16 जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं और लगभग 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द या स्थगित किया है। यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES पर ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।

लोगों के लिए जरूरी सावधानियां

प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखने, जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर ढांचों के पास नहीं रुकने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान में जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

You may also like