Home » Blog » Balod: थाने से समन वारंट लेकर जा रहा आरक्षक बस के नीचे आया, कुचलने से मौत

Balod: थाने से समन वारंट लेकर जा रहा आरक्षक बस के नीचे आया, कुचलने से मौत

पूरा हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@बालोद. Police constable dies in road accident in Balod दुर्ग संभाग के बालोद जिले में बस के पहिए के नीचे आकर बाइक सवार पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। घटना सोमवार को बालोद से 3 किमी. दूर दुर्ग रोड पर ग्राम सिवनी की है। मृत आरक्षक ठनेश कुमार टेमार्य उम्र 35 वर्ष बालोद के कोतवाली थाने में पदस्थ थे।

cg prime news

Balod: थाने से समन वारंट लेकर जा रहा आरक्षक बस के नीचे आया, कुचलने से मौत

समन वारंट लेकर जा रहा था आरक्षक

मिली जानकारी के अनुसार आरक्षक ठनेश कुमार टेमार्य सोमवार दोपहर करीब 1 बजे थाने से समन वारंट लेकर देवारभाट, जमरुवा और जगतरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बालोद-झलमला मार्ग पर सिवनी मार्केट के सामने बारिश के दौरान आगे बढ़ते समय लेफ्ट साइड से कांकेर बस से टकराकर सड़क पर गिर गए।

इसके बाद बस के ड्राइवर साइड का पहिया उनके सीने के ऊपर से गुजर गया। जिससे उनकी मौत हो गई। कांकेर बस सर्विस पखांजूर से दल्लीराजहरा होते हुए रायपुर जा रही थी। हादसे के बाद यात्रियों को बस स्टैंड में उतारा गया। जहां से उन्हें दूसरे बसों से रवाना किया गया। ड्राइवर को बालोद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज

यह पूरा हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने आनन-फानन में उन्हें बस के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि, ड्यूटी के दौरान यह हादसा हुआ। बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है। परिजन उनके गृहग्राम सहगांव में अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे हैं।

पिता बालोद कलेक्टोरेट में हैं प्यून

ठनेश अपने परिवार के साथ झलमला में रह रहे थे। उनका एक बेटा और एक बेटी है। हादसे के समय दोनों बच्चे स्कूल गए थे। उनके पिता नरोत्तम सिंह बालोद कलेक्टोरेट में कलेक्टर कार्यालय में प्यून के पद पर पदस्थ हैं। ठनेश कुमार टेमार्य मूल रूप से डौंडीलोहारा ब्लॉक के सहगांव के निवासी थे। साल 2012 में उनकी नियुक्ति जिला पुलिस बल में हुई थी। इसके बाद वे कई थानों में सेवाएं देते रहे। 3 मार्च 2024 को उनका तबादला बालोद थाने में हुआ था।

You may also like