CG Prime News@रायपुर. Congress leader arrested for selling liquor in Raipur on Janmashtami. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस (Dry Day) के बावजूद शराब बेचने का मामला सामने आया है। रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्लैटिनम बार के संचालक और युवक कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा को शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की एक बोतल के साथ बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद की है।
सूचना के बाद पुलिस ने रखी नजर
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को जन्माष्टमी के चलते जिले में शुष्क दिवस घोषित था। इस दौरान शराब की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध था। इसी बीच मौदहापारा पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बेची जा रही है।सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने बार की गतिविधियों पर निगरानी रखी। रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर कथित तौर पर शराब बेचते पलाश मल्होत्रा को पकड़ लिया।
शराब और नकदी समेत ₹3,450 का सामान जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस को 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल मिली। इसकी कीमत 1,150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 2,300 रुपये नकद भी पुलिस ने बरामद किए। इस तरह बरामद शराब और नकदी की कुल कीमत 3,450 रुपये बताई गई है।

युवक कांग्रेस से जुड़ा रहा है आरोपी
पुलिस के अनुसार, पलाश मल्होत्रा पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष रह चुका है। वर्तमान में उसके प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस पद के लिए प्रत्याशी होने की जानकारी भी सामने आई है। शुष्क दिवस पर शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है।
आबकारी विभाग को भेजा जाएगा प्रतिवेदन
पुलिस इस मामले की जानकारी आबकारी विभाग को भेजने की तैयारी में है। बार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई की अनुशंसा प्रतिवेदन के माध्यम से की जाएगी। लाइसेंस पर अंतिम निर्णय आबकारी विभाग के स्तर पर लिया जाएगा।

