भिलाई। Uproar at Smriti Nagar police station: Case filed against 12 people for allegedly manhandling police. भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित स्मृति नगर चौकी में पुलिसकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 6 नामजद सहित करीब 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 21 मई 2026 की शाम की बताई जा रही है, जब चौकी परिसर में नारेबाजी और हंगामा हुआ।
यह भी पढ़ेः दुर्ग में शुरू हुई मो. फोरेंसिक वैन सेवा, घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच
चौकी परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन
स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि घटना के समय चौकी में आरक्षक गोविंद कुमार साहू समेत अन्य पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान चेतन चंदेल, राहुल वर्मा, सतीष, जागेश्वर वर्मा, अजय, नेमचंद और अप्पू मेश्राम सहित 10 से 12 लोग चौकी पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और एक मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस का कहना है कि समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए और चौकी परिसर के भीतर घुसकर हंगामा करने लगे। इस दौरान पुलिस जवानों के साथ कथित धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए चौकी परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
सीएसपी और टीआई ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी और टीआई विजय यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि भीड़ लगातार आक्रोशित बनी रही। पुलिस स्टाफ ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चौकी में लगे सीसीटीवी और वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। जिन लोगों की पहचान हो रही है, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
कार स्क्रेच विवाद से शुरू हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत शंकराचार्य अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट में कार्यरत भूपेंद्र साहू की शिकायत से हुई। भूपेंद्र ने डॉक्टर अनुराग चंद्राकर पर मारपीट का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था, लेकिन कार्रवाई में देरी को लेकर नाराजगी बढ़ गई। बताया जा रहा है कि इसी मुद्दे को लेकर भूपेंद्र अपने समर्थकों के साथ चौकी पहुंचा और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस का दावा: आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले
स्मृति नगर पुलिस के अनुसार, भूपेंद्र साहू के खिलाफ पहले से छावनी थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का आरोप है कि दबाव बनाने के उद्देश्य से भीड़ जुटाकर चौकी में हंगामा किया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
