बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना तोरवा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शांति समिति की बैठक आयोजित करने के साथ ही असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार एवं अवैध शराब भी जब्त की है।
शांति समिति बैठक में दिए गए सुरक्षा निर्देश
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में 01 मार्च 2026 को थाना तोरवा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं समिति सदस्यों को होली पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, विवाद या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धारदार हथियार के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
बदमाशों की चेकिंग एवं फरार वारंटियों की तलाश के दौरान पुलिस ने अभय छिपेल, विजय पासी एवं प्रथम चौहान को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से धारदार हथियार बरामद हुए, जिसके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
अवैध शराब के साथ एक आरोपी पकड़ा
पुलिस कार्रवाई के दौरान विकास भारती के कब्जे से 52 पाव देशी मदिरा अवैध रूप से बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
फरार वारंटी भी गिरफ्तार
लंबे समय से फरार चल रहे अरमान अली एवं करण पासी को पुलिस ने वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक प्रक्रिया की गई।
लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी जारी
तोरवा पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, बदमाशों की निगरानी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों की आड़ में कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
