Saturday, February 14, 2026
Home » Blog » राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत दुर्ग में जिला स्तरीय कार्यक्रम संपन्न

by cgprimenews.com
0 comments
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति

दुर्ग | राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत शासकीय चन्द्रशेखर आज़ाद हायर सेकेंडरी स्कूल, पंचशील नगर, दुर्ग में जिला स्तरीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन 24 जनवरी को आयोजित हुआ, जिसमें बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया।

अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति

महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.के. जाम्बुलकर एवं जिला महिला बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तथा विशिष्ट अतिथि महापौर अलका बाघमार रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

बालिकाओं के अधिकार और सशक्तिकरण पर जोर

अपने उद्बोधन में अतिथियों ने बालिकाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समान अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त बनाना ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है।

खेल, प्रतियोगिताएं और सम्मान

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए चम्मच बॉल, कुर्सी दौड़, बलून फुलाना जैसी मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही थीम आधारित निबंध, पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

साइबर जागरूकता और स्वास्थ्य परीक्षण

कार्यक्रम की कड़ी में साइबर एक्सपर्ट आरिफ़ ख़ान द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों को साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी दी गई तथा इससे बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों, किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यकता अनुसार आयरन, फोलिक एसिड एवं कैल्शियम की टेबलेट्स वितरित की गईं तथा एनीमिया की रोकथाम संबंधी जानकारी दी गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शपथ

कार्यक्रम के अंत में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं तथा बाल विवाह विषय पर आधारित नाटक का मंचन किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत एवं छत्तीसगढ़ हेतु शपथ भी दिलाई गई।

You may also like