CG Prime News@रायपुर. Astronaut Shubhanshu inaugurated the space center in Raipur मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राखी (नवा रायपुर) में छत्तीसगढ़ सरकार एवं IDYM Foundation के सहयोग से प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की उपस्थिति युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायी रही।

रायपुर में अंतरिक्ष केंद्र का एस्ट्रोनॉट शुभांशु ने किया उद्घाटन
प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी वैज्ञानिक सोच की नर्सरी
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी वैज्ञानिक सोच की नर्सरी है, जहां बच्चे सैटेलाइट निर्माण, ट्रैकिंग और अंतरिक्ष तकनीक से जुड़े आधुनिक कौशल सीख सकेंगे। यह केंद्र प्रदेश के बच्चों के लिए सपनों की प्रयोगशाला बनेगा और उन्हें अंतरिक्ष क्षेत्र में करियर, नवाचार और स्टार्टअप के नए अवसर प्रदान करेगा।
शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े अपने अनुभव साझा किया
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि, जब रॉकेट लॉन्च होता है, तो उसमें अत्यधिक ऊर्जा लगती है और कुछ ही समय में शून्य से लगभग 30 हजार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरिक्ष तक पहुंचा जाता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को ऊर्जावान प्रदेश बताते हुए कहा कि यहां के बच्चों में अपार क्षमता और जिज्ञासा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ बच्चों को स्पेस साइंस से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा और दूरदर्शी कदम है। क्लीन स्टेशन के उद्घाटन के दौरान मैंने देखा कि मुख्यमंत्री स्टेशन में प्रवेश से पहले खुद विशेष ड्रेस व कैप को पहन रहे थे। मुझे यह देखकर बड़ी खुशी हुई कि राज्य का मुखिया जब स्वयं ऐसी रुचि दिखाता है, तो यह बच्चों और युवाओं के भविष्य को लेकर उनकी स्पष्ट और भविष्योन्मुखी सोच को दर्शाता है।

रायपुर में अंतरिक्ष केंद्र का एस्ट्रोनॉट शुभांशु ने किया उद्घाटन
सभी जिलों में अंतरिक्ष केंद्र खोले जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि, पूरे प्रदेश में अंतरिक्ष संगवारी पहल को विस्तार देते हुए सभी जिलों में अंतरिक्ष केंद्र खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री डॉ. शुभांशु शुक्ला का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. शुभांशु शुक्ला जैसे व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणा के जीवंत प्रतीक हैं, जिनकी अंतरिक्ष यात्रा ने देश को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने बच्चों से भावपूर्ण संवाद करते हुए कहा कि आज से उनके सपनों को पंख मिल रहे हैं और उनका आकाश और भी बड़ा हो गया है।
