दुर्ग. प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर, भिलाई में आयोजित चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 के चतुर्थ दिवस विभिन्न स्पर्धाओं के परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिता के तहत रिकर्व, कंपाउंड एवं इंडियन राउंड में एलिमिनेशन, टीम एवं मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल मुकाबले सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। देशभर के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्धारित स्कोरिंग प्रणाली के आधार पर विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
व्यक्तिगत स्पर्धा में आईटीबीपी का दबदबा
चतुर्थ दिवस तक जारी पदक तालिका में आईटीबीपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 पदकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश और सीआरपीएफ ने 11-11 पदकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। असम राइफल्स (09), राजस्थान (08), सीआईएसएफ व बीएसएफ (07-07) तथा एसएसबी (06) ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र और पंजाब को 05-05 पदक मिले, जबकि असम ने 01 पदक अर्जित किया।
ग्रुप इवेंट में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा
ग्रुप इवेंट में आईटीबीपी एवं उत्तर प्रदेश ने 03-03 पदक जीतकर बढ़त बनाई। असम राइफल्स, सीआरपीएफ, बीएसएफ एवं एसएसबी को 02-02 पदक प्राप्त हुए। महाराष्ट्र, सीआईएसएफ एवं असम ने 01-01 पदक हासिल किया। प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के साथ पुलिस परिवारों की उपस्थिति ने आयोजन को प्रेरक एवं सकारात्मक माहौल प्रदान किया।
तकनीकी मानकों के अनुरूप आयोजन
प्रतियोगिता का संचालन भारतीय तीरंदाजी संघ के तकनीकी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रतियोगिता अनुशासित एवं समयबद्ध रूप से संचालित हो रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पदक वितरण
पदक वितरण समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल श्री विवेकानंद सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल श्री बी.एस. ध्रुव सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया गया।
