रायपुर. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ लड़के कम कपड़े पहनकर शराब पीते एवं हाथ में चाकू लेकर नाचते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। तस्दीक के दौरान पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रहे लड़के राजेंद्र नगर अमलीडीह क्षेत्र के रहने वाले नाबालिग हैं।
चाकू आर्म्स एक्ट की श्रेणी में नहीं पाया गया
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि नाबालिग के पास मौजूद चाकू आकार में छोटा था और आर्म्स एक्ट में निर्धारित मापदंडों के अंतर्गत नहीं आता है। इस कारण उनके विरुद्ध वैधानिक अपराध पंजीबद्ध नहीं किया गया। हालांकि सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार का व्यवहार अनुचित पाए जाने पर पुलिस ने दोनों किशोरों को कड़ी चेतावनी दी।
परिजनों को दी गई सख्त हिदायत
पुलिस द्वारा नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाकर बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखने एवं भविष्य में इस प्रकार की हरकत दोबारा न होने देने की सख्त हिदायत दी गई। इसके बाद दोनों किशोरों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की अपील
आम नागरिकों एवं अभिभावकों से पुलिस ने अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी प्रकार के हथियार, नशे या असामाजिक गतिविधियों से दूर रखें। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो कानून व्यवस्था एवं सामाजिक माहौल को प्रभावित कर सकते हैं।
