कांकेर | स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ की गंभीर घटना में पखांजूर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फेरी वाले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस की संवेदनशीलता और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
स्कूल से लौटते समय हुई घटना
दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना पखांजूर में प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया कि उसकी भांजी, जिनके माता-पिता का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है, उसके यहां रहकर कक्षा सातवीं की पढ़ाई कर रही है।
घटना वाले दिन पीड़िता रोज की तरह अन्य छात्राओं के साथ पैदल स्कूल गई थी। स्कूल से छुट्टी के बाद शाम करीब 4:15 बजे, जब वह सहेलियों के साथ घर लौट रही थी, तभी मुख्य मार्ग पर एक फेरी वाला (प्लास्टिक कुर्सी बेचने वाला) अचानक मोटरसाइकिल लेकर सामने आ गया और उसे मोटरसाइकिल में बैठने के लिए कहने लगा।
अश्लील टिप्पणी से डरी छात्रा
जब छात्रा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो आरोपी ने गलत और आपत्तिजनक शब्दों में टिप्पणी की। डर के कारण छात्रा वहीं खड़ी रह गई, जबकि आरोपी कुछ दूरी पर खड़ा होकर उसका इंतजार करता रहा। इसी दौरान गांव के अन्य लोग वहां पहुंच गए, जिन्हें छात्रा ने पूरी घटना बताई। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
POCSO एक्ट के तहत अपराध दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 126(2), 74, 75 बीएनएस एवं 12 पोक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
रात में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा (IPS) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
रात में फेरी वालों के ठहरने के स्थानों पर दबिश देकर आरोपी सुनील बंजारा को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
बरामदगी और न्यायिक कार्रवाई
आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं फेरी का सामान जप्त किया गया। दिनांक 05 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
