Home » Blog » धान टोकन के लिए हाई टेंशन टावर पर चढ़ा आरोपी, 3 घंटे तक किया रेस्क्यू

धान टोकन के लिए हाई टेंशन टावर पर चढ़ा आरोपी, 3 घंटे तक किया रेस्क्यू

जांजगीर-चांपा में धान बिक्री टोकन न मिलने से नाराज किसान ने दी आत्महत्या की धमकी, कोतवाली पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी

by cgprimenews.com
0 comments
धान टोकन विवाद में हाई टेंशन टावर पर चढ़ा आरोपी, जांजगीर पुलिस रेस्क्यू करते हुए

जांजगीर-चांपा | CG Prime News ।  जिले के जांजगीर थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसौंदी में धान खरीदी का टोकन नहीं मिलने से नाराज एक व्यक्ति द्वारा हाई टेंशन टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को सुरक्षित रेस्क्यू कर गिरफ्तार कर लिया गया। (Accused climbed high tension tower for paddy token, rescued after 3 hours)

क्या है पूरा मामला

जांजगीर CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि 31 जनवरी 2026 को एक प्रार्थी द्वारा थाना कोतवाली में सूचना दी गई कि ग्राम कसौंदी निवासी अनिल गड़ेवाल पिता रामदयाल गड़ेवाल (38 वर्ष) खेत में लगे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया है और धान बिक्री का टोकन नहीं मिलने पर गाली-गलौज करते हुए आत्महत्या की धमकी दे रहा है।

सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर तत्काल पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

यह भी पढ़ेः CG में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, सरगना रामनाथ के पैर में लगी गोली, 9 गिरफ्तार

तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

मौके पर आरोपी लगातार पुलिस, अधिकारियों एवं ग्रामीणों को अश्लील गालियां देते हुए धान बिक्री का टोकन देने का दबाव बना रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार समझाइश दी जाती रही। लगभग 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आरोपी को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह धान बिक्री नहीं होने और टोकन नहीं मिलने से परेशान होकर आत्महत्या की धमकी देकर प्रशासन पर दबाव बना रहा था।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

आरोपी के विरुद्ध BNS की धारा 224, 226, 296 एवं 308(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, प्रकाश राठौर, आरक्षक विनोद राठौर एवं नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।

You may also like