CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। दुर्ग पुलिस ने जिले के आठ थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए जुआ खेलने वाले 48 लोगों को पकड़ा है। पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 83,410 रुपए नकद और ताश की 12 गड्डियां जब्त की गई हैं।
आठ थाना क्षेत्रों में पुलिस की कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 5 और 6 नवंबर 2026 को जिले के नेवई, मोहन नगर, खुर्सीपार, धमधा, अमलेश्वर, उतई, नंदिनी और बोरी थाना क्षेत्रों में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस टीमों ने दबिश दी। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश के जरिए जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ 12 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 48 लोगों के विरुद्ध संबंधित अधिनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की। मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही नकदी और ताश की गड्डियां भी जब्त की गईं।

इन इलाकों में पकड़े गए जुआरी
दुर्ग पुलिस की कार्रवाई बीआरपी चौक और रिसाली बस्ती, कैलाश नगर शिव मंदिर के पीछे, आदित्य नगर, खुर्सीपार के शासकीय स्कूल और बाबा बालकनाथ मंदिर के पास की गई। इसके अलावा धमधा के तालाब क्षेत्र, अमलेश्वर के नया बाड़ा चौक और पहंदा, उतई के छाता गांव, नंदिनी के देउरझाल तथा बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबा में भी पुलिस ने कार्रवाई की।
चापड़ लेकर घूम रहा आरोपी गिरफ्तार
जुआ विरोधी अभियान के दौरान नेवई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य मामले में भी कार्रवाई की। यहां सार्वजनिक स्थान पर लोहे का धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में शंभु विभार उर्फ उडिया (38) को पकड़ा गया। वह स्टेशन मरोदा के शंकर पारा का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लोहे का चापड़ जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है।

