Home » Blog » भिलाई में जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर 24.28 लाख की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई में जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर 24.28 लाख की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

दूसरे की जमीन को अपनी बताकर प्लॉट बेचने और मकान निर्माण के नाम पर रकम लेने का आरोप, सुपेला पुलिस की कार्रवाई

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
भिलाई में जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर 24.28 लाख की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

CG Prime News@भिलाई/दुर्ग. दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में जमीन की फर्जी रजिस्ट्री और लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्मृतिनगर चौकी पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता से जमीन खरीदने और मकान निर्माण के नाम पर कुल 24 लाख 28 हजार रुपये की राशि से जुड़ी शिकायत की जांच के बाद अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

2016 में हुआ था प्लॉट खरीदने का सौदा

पुलिस के मुताबिक, कोहका हाउसिंग बोर्ड निवासी मोहन लाल देवांगन ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2016 में मकान निर्माण के लिए जमीन की तलाश के दौरान उनकी मुलाकात अवतार सिंह से हुई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मौजा कोहका में 1200 वर्गफीट का प्लॉट दिखाकर जमीन बेचने का सौदा किया गया। 30 सितंबर 2016 को उनके पक्ष में रजिस्ट्री कराई गई। आरोप के अनुसार, जमीन खरीदने और मकान निर्माण के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 23 लाख 28 हजार रुपये दिए गए।

बाद में सामने आई जमीन के स्वामित्व की जानकारी

पुलिस जांच में शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, बाद में जानकारी मिली कि जिस भूमि पर मकान निर्माण कराया जा रहा था, वह किसी अन्य महिला के स्वामित्व की थी। इसके बाद वर्ष 2018 में रकम लौटाने के लिए एक इकरारनामा किया गया।शिकायतकर्ता के अनुसार, 23.28 लाख रुपये और एक लाख रुपये के रजिस्ट्री खर्च, कुल 24.28 लाख रुपये लौटाने के लिए तीन चेक दिए गए थे। पुलिस के मुताबिक, बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण ये चेक अनादरित हो गए।


कूटरचित दस्तावेजों से दोबारा रजिस्ट्री कराने का भी आरोप

मामले में वर्ष 2021 में कोहका स्थित एक अन्य भूमि की रजिस्ट्री कथित रूप से फर्जी तरीके से कराने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस जमीन से संबंधित दस्तावेजों, रजिस्ट्री प्रक्रिया और अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। शिकायत की जांच के बाद स्मृतिनगर चौकी, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1635/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और साझा आपराधिक मंशा से संबंधित धाराओं के तहत विवेचना की जा रही है।

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य तथ्यों की जांच जारी

पुलिस ने मामले में संलिप्तता के आधार पर अवतार सिंह और मनोज कुमार सोनी, दोनों निवासी भिलाई, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका, जमीन के दस्तावेज और रजिस्ट्री की वैधानिकता की विस्तृत जांच अभी जारी है।

You may also like