CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खारून नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 15 वर्षीय किशोर का शव राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने शुक्रवार सुबह बरामद कर लिया है। घटना ग्राम अकोला के पास की है। मृत किशोर रायपुर के सीतानगर क्षेत्र का निवासी था। गुरुवार दोपहर हादसे की सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद शव को नदी से बाहर निकाला।
खारून नदी में नहाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राज गुप्ता (15 वर्ष), पिता रिंकू गुप्ता, निवासी गोगांव, सीतानगर, रायपुर के रूप में हुई है। बताया गया है कि किशोर ग्राम अकोला के पास खारून नदी में नहाने गया था। इसी दौरान पानी का तेज बहाव उसे अपने साथ बहाकर ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों और कुम्हारी थाना पुलिस को दी गई।
SDRF की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलने के बाद जिला सेनानी के निर्देशन में SDRF की रेस्क्यू टीम मोटर बोट और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद प्रशिक्षित गोताखोर चंद्रप्रताप जंघेल ने पानी में उतरकर सघन तलाशी अभियान चलाया।

टीम ने डिप डाइविंग तकनीक की मदद से नदी में खोजबीन की। अभियान के दौरान किशोर का शव बरामद कर पानी से बाहर निकाला गया। SDRF की टीम ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत रेस्क्यू कार्रवाई पूरी की।
कुम्हारी पुलिस को सौंपा गया शव
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद शव को मौके पर मौजूद थाना कुम्हारी पुलिस और परिजनों के सुपुर्द किया गया, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

