CG Prime News@दुर्ग.Worker dies at JD Steel Industries Durg दुर्ग जिले के रसमड़ा स्थित जेडी स्टील इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में 17 अक्टूबर 2026 को हुए औद्योगिक हादसे में श्रमिक संतोष श्रीवास्तव की मौत हो गई। घटना के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने संबंधित फर्नेस, लैडल, टंडिश कार, नोजल और कंटीन्यूअस कास्टिंग मशीन (सीसीएम) से जुड़े परीक्षण और संचालन कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश जारी किया है।

जेडी स्टील इंडस्ट्रीज में श्रमिक की मौत के बाद फर्नेस और CCM संचालन पर रोक, FIR दर्ज
पिघली हुई धातु गिरने से श्रमिक झुलसा
उप संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर को तड़के करीब 1.30 बजे संयंत्र में परीक्षण कार्य के दौरान 15 टन क्षमता वाली फर्नेस से लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान की पिघली हुई धातु टंडिश कार में स्थानांतरित की जा रही थी। इसी दौरान पर्जिंग प्रक्रिया में अत्यधिक लांसिंग और नोजल में अवरोध के कारण टंडिश की बॉटम प्लेट फट गई। इससे गर्म पिघली हुई धातु श्रमिक संतोष श्रीवास्तव के ऊपर गिर गई। जिससे गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

सात दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
घटना के बाद कार्यालय उप संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, दुर्ग संभाग ने व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। संयंत्र प्रबंधन को सक्षम तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से सुरक्षा ऑडिट कराने और सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संचालन पर रोक से प्रभावित श्रमिकों को वेतन एवं अन्य लाभ दिए जाएंगे। साथ ही जहां संभव हो अधिभोगी द्वारा उन्हें वैकल्पिक रोजगार दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्लांट के निदेशक और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज
दुर्ग की अंजोरा चौकी पुलिस ने जेडी स्टील इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्लांट संचालन के दौरान उपेक्षापूर्ण आचरण और इसके परिणामस्वरूप हुई मृत्यु के संबंध में प्लांट संचालक और ठेकेदार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 289 तथा 106(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

