CG Prime News@दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सोमवार शाम तेज रफ्तार का दर्दनाक परिणाम सामने आया। दंतेवाड़ा-बैलाडीला मार्ग पर कुमाहाररास के पास वेन्यू कार और बुलेट की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार एक सहायक सचिव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दूसरा सहायक सचिव गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हादसा शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वेन्यू कार बैलाडीला की ओर से दंतेवाड़ा आ रही थी। इसी दौरान दो सहायक सचिव बुलेट से दंतेवाड़ा से बैलाडीला की दिशा में जा रहे थे। कुमाहाररास के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई।
रमेश मरकाम की मौके पर मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट सवार धनीकारक निवासी सहायक सचिव रमेश मरकाम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार वीरेन सेठिया को गंभीर चोटें आई हैं। बताया गया है कि उनके पैर में गंभीर चोट लगी है। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और घायल को मदद पहुंचाई। हादसे की सूचना मिलने के बाद दंतेवाड़ा थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल की स्थिति संभालने के साथ सड़क पर यातायात को व्यवस्थित कराया। घायल वीरेन सेठिया को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक रमेश मरकाम के शव को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव का पंचनामा और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दोनों वाहनों की टक्कर की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और घटनास्थल की परिस्थितियों को खंगाल रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
