Sunday, September 27, 2026
Home » Blog » भारी बारिश से ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबकर महिला की मौत, बेटा, पति घायल

भारी बारिश से ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबकर महिला की मौत, बेटा, पति घायल

पुसौर के नंदेली गांव में देर रात हादसा, मलबे में दबे परिवार को ग्रामीणों ने बाहर निकाला; इलाज के दौरान महिला ने रास्ते में तोड़ा दम

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
भारी बारिश से ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबकर महिला की मौत, बेटा, पति घायल

CG Prime News@रायगढ़.Woman dies after mud house collapses in Raigarh छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बारिश के बीच एक जर्जर कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में घर में सो रही 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और 13 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पुसौर थाना क्षेत्र के नंदेली गांव के महंत पारा में रविवार देर रात करीब 3 बजे हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

भारी बारिश से ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबकर महिला की मौत, बेटा, पति घायल

भारी बारिश से ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबकर महिला की मौत, बेटा, पति घायल

सोते समय अचानक भरभराकर गिरा मकान

जानकारी के अनुसार नंदेली गांव के महंत पारा निवासी रोहिणी महंत (40), उनके पति रतन महंत (45) और बेटा शिवम महंत (13) रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी से बना कच्चा मकान ढह गया। घर के मलबे में परिवार के तीनों सदस्य दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने राहत और बचाव का काम शुरू करते हुए मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पुसौर अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची।


रायगढ़ रेफर करने के दौरान महिला की मौत

पुसौर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रोहिणी महंत की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों के साथ उन्हें रायगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं रतन महंत और उनके 13 वर्षीय बेटे शिवम का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

लगातार बारिश के बीच जर्जर मकान धंसा

स्थानीय जानकारी के मुताबिक पुसौर क्षेत्र में पिछले दो से तीन दिनों से बारिश हो रही थी। माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण मिट्टी से बना पुराना और जर्जर मकान कमजोर होकर धंस गया। इसी दौरान दीवार और चौखट गिरने से परिवार मलबे में दब गया। महिला के सिर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। हादसे ने बारिश के मौसम में जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

You may also like