भिलाई। 50-year-old man murdered following a dispute while drinking alcohol; maternal uncle and nephew arrested. जामुल थाना क्षेत्र के कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद ईंट-पत्थर से किए गए हमले में 50 वर्षीय पूरन भारती की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद मनीष बघेल और उसके भांजे राजा जोशी को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद
छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि पूरन भारती (50) पिता लोकनाथ भारती ग्राम खोपली उतई का निवासी था। वह अपने दोस्त मनीष बघेल के साथ ग्राम कुरूद में राजा जोशी के घर पहुंचा था। राजा, मनीष का भांजा है। बताया गया कि घटना के समय मामा-भांजा कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पूरन भारती भी वहां पहुंचा।
शराब पीने के दौरान पूरन भारती और राजा जोशी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि पूरन भारती पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर कमरे में गिर पड़ा। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस, दोनों हिरासत में
घटना के बाद आसपास के लोगों से जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। जामुल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में मौजूद मनीष बघेल और राजा जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान हुए विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चोटों की प्रकृति और मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी बालिग हैं। मामले में जांच जारी है।

