Thursday, August 20, 2026
Home » Blog » पत्नी को बॉयफ्रेंड के साथ देखकर भड़का पति, फावड़े से काटकर दोनों की हत्या

पत्नी को बॉयफ्रेंड के साथ देखकर भड़का पति, फावड़े से काटकर दोनों की हत्या

बिसरपानी गांव में रिश्तेदार के घर पहुंची थी पत्नी, कमरे में प्रेमी के साथ मौजूद थी; घटना के बाद आरोपी पति फरार, पुलिस तलाश में जुटी

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
पत्नी को बॉयफ्रेंड के साथ देखकर भड़का पति, फावड़े से काटकर दोनों की हत्या

CG Prime News@सरगुजा. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पत्नी और उसके कथित प्रेमी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के बिसरपानी गांव में पति ने अपनी पत्नी और एक युवक पर फावड़े से हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा था, जिसके बाद तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

रिश्तेदार के घर पहुंची थी पत्नी

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बिसरपानी गांव के दारापारा निवासी बाबूलाल मझवार (35) मंगलवार शाम खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी नईहारो मझवार (32) गांव में अपने रिश्तेदार सोमारू मझवार के घर पहुंची। कुछ देर बाद गांव का ही बेंजे बड़ा (35) भी वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों घर से अलग बने एक कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे।

पत्नी को खोजते हुए पहुंचा पति

रात करीब 8 बजे बाबूलाल अपनी पत्नी को तलाशते हुए सोमारू मझवार के घर पहुंचा। वहां उसने नईहारो को बेंजे बड़ा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद पति, पत्नी और युवक के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बाबूलाल ने कथित तौर पर फावड़े से दोनों पर हमला कर दिया।


मौके पर हुई दोनों की मौत

फावड़े के वार से नईहारो और बेंजे बड़ा को गंभीर चोटें आईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हत्या के बाद आरोपी पति फरार

वारदात के बाद बाबूलाल मझवार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पत्नी और बेंजे बड़ा के बीच कथित संबंध तथा मौके पर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी परिस्थितियों और विवाद के कारणों को स्पष्ट करने की बात कह रही है।

You may also like