CG Prime News@कोरबा. snake bite death in korba chhattisgarh छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित आमाखोखरा गांव में करैत सांप के डसने से 6 वर्षीय बच्ची सान्वी कंवर की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब सान्वी अपने पिता के साथ घर में बिस्तर पर सो रही थी। रात करीब एक बजे सांप ने पहले उसके कान और फिर हाथ पर डस लिया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

कोरबा में बेड पर पिता के साथ सो रही बच्ची को करैत सांप ने डसा, अस्पताल में मौत
रात में दर्द से चीखने पर खुली परिजनों की नींद
मिली जानकारी के अनुसार सान्वी के पिता किरण सिंह मजदूरी और खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना वाली रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। सान्वी अपने पिता के साथ एक कमरे में सो रही थी, जबकि उसकी मां और दूसरा बच्चा दूसरे कमरे में थे।

रात करीब एक बजे सान्वी दर्द से चिल्लाते हुए उठी, जिससे परिवार की नींद खुल गई। शुरुआत में परिजनों को लगा कि किसी कीड़े ने काटा है, लेकिन सर्पदंश के लक्षण दिखने पर वे उसे तुरंत कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज रेफर, नहीं बच सकी जान
बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन सान्वी की हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बिस्तर पर ही छिपा मिला करैत सांप
सान्वी के पिता किरण सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्हें लगा कि सांप बाहर निकल गया होगा। बाद में जब उन्होंने बिस्तर की जांच की तो करैत सांप उसी पर लिपटा हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि सांप पहले से ही बिस्तर पर मौजूद था, लेकिन अंधेरे में दिखाई नहीं दिया।
बरसात में बढ़ जाता है सर्पदंश का खतरा
स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर घरों में घुस आते हैं, जिससे सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से मच्छरदानी लगाकर सोने, घर के आसपास साफ-सफाई रखने और सर्पदंश होने पर बिना देरी किए अस्पताल पहुंचने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि झाड़-फूंक के बजाय तुरंत चिकित्सकीय इलाज कराना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।
