
CG Prime News@धमतरी. Fish trader murdered in Dhamtari छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक मछली कारोबारी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि कारोबारी की हत्या उसके ही फिश फार्म में काम करने वाले मजदूरों ने मजदूरी विवाद और आपसी रंजिश के चलते की। मामले में दो नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक कर्मचारी को भी सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। यह मामला नगरी थाना क्षेत्र के गोरेगांव का है।
सुनसान रास्ते में घेरकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, गरियाबंद जिले के बोइरगांव दर्रीपारा निवासी 55 वर्षीय विप्लव मंडल धमतरी में मछली का कारोबार करते थे। 27 जून की रात वह अपने कर्मचारी चुम्मन यादव के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। नगरी थाना क्षेत्र के गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग पर पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने पहले कारोबारी के सिर पर हमला किया और कर्मचारी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद कर्मचारी वहां से भाग निकला। आरोपियों ने कारोबारी पर चाकुओं से लगातार 40 से अधिक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में खुली हत्या की साजिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश पहले ही रची जा चुकी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 25 जून को भी हत्या का प्रयास करने की योजना बनाई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद 27 जून को कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए सुनसान इलाके में वारदात को अंजाम दिया गया।

मजदूरी विवाद और कथित दुर्व्यवहार बना वजह
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपी कारोबारी के निजी फिश फार्म में मजदूरी करते थे। आरोपियों का कहना है कि उन्होंने मजदूरी बढ़ाने की मांग की थी, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने कारोबारी पर दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया। इसी नाराजगी ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।
लूट की रकम भी बांटी
हत्या के बाद आरोपी कारोबारी के पास मौजूद करीब 37 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। बाद में उन्होंने रकम आपस में बांट ली। पुलिस ने जांच के दौरान टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) और जगदीश विश्वकर्मा (50) को गिरफ्तार किया है। दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। वहीं कर्मचारी चुम्मन यादव को भी मामले में सह-आरोपी बनाया गया है।
