CG Prime News@कांकेर. छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज आंधी-बारिश से प्रदेश के कई जिलों में अफरा-तफरा मच गई है। शुक्रवार सुबह कांकेर के अंतागढ़ में मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर बिजली गिर गई। हादसे में उप सरपंच समेत 3 लोगों की मौत हो गई और 5 घायल हो गए।
बालोद में बीएसएनएल (BSNL) टावर गिरा
बालोद में भी शुक्रवार तड़के आंधी-तूफान से भेडिय़ा नवागांव स्थित बीएसएनएल का 131 फीट ऊंचा टावर गिर गया। यहां अंधड़ से 50 से अधिक पेड़ उखड़ गए और 11 से ज्यादा बिजली के पोल टूट गए हैं। 15 गांव में ब्लैकआउट है। मुंगेली में गुरुवार शाम आए आंधी से शराब दुकान का शेड हवा में उड़ गया।
इस दौरान दुकान में काफी संख्या में ग्राहक मौजूद थे, जिससे वहां भगदड़ मच गई। हादसे में सेल्समैन और वहां मौजूद ग्राहक बाल-बाल बच गए। तेज हवाओं से दुकान के भीतर रखी कई बोतलें भी टूट गईं, जिससे काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।

बालोद में में तेज आंधी से 131 फीट ऊंचा बीएसएनएल (BSNL) टावर गिरा
रायपुर में भी तेज आंधी के साथ हुई बारिश
रायपुर में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि सरगुजा और कोरबा में जमकर बादल बरसे, जिससे अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आई है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव 43 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं मौसम विभाग ने आज भी पूरे प्रदेश में अंधड़ और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
पति-पत्नी पर गिरा पेड़
वहीं छत्तीसगढ़ के कोरबा के लेमरू थाना क्षेत्र में भी तेज आंधी-तूफान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अपनी लापता बकरी को खोजने जंगल गए पति-पत्नी पर पेड़ गिर गया। हादसे में शिवरतन माझी (54) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सुशीला बाई (50) घायल हो गई। महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
दो मौसमी सिस्टम एक्टिव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और उत्तर भारत में बने विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण तंत्र तथा सक्रिय मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिससे मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

