CG Prime News@दिल्ली. sapna choudhary domestic violence case against veer sahu dwarka court order हरियाणवी डांसर, सिंगर और अभिनेत्री सपना चौधरी की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। सपना चौधरी ने अपने पति वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट के आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट का रुख किया है। मामले की शुरुआती सुनवाई के बाद अदालत ने सपना को अंतरिम राहत प्रदान करते हुए वीर साहू को अगली सुनवाई तक उनसे किसी भी प्रकार का संपर्क करने से रोक दिया है।
घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत दायर की याचिका
जानकारी के अनुसार, सपना चौधरी ने घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि वैवाहिक जीवन के दौरान उनके साथ कई बार दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं हुईं। उन्होंने अदालत को बताया कि परिस्थितियां इतनी गंभीर हो गई थीं कि उन्हें अपना ससुराल छोड़ना पड़ा। वर्तमान में वह दिल्ली के नजफगढ़ स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
कोर्ट में पेश किए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य
सपना की ओर से पेश अधिवक्ता ने अदालत को वीडियो, ऑडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अंतरिम आदेश जारी किया। अदालत ने अगली सुनवाई 25 जुलाई निर्धारित की है।

घरेलू हिंसा मामले में सपना चौधरी को कोर्ट से अंतरिम राहत, वीर साहू पर संपर्क करने की रोक
फिल्म प्रीमियर को लेकर जताई सुरक्षा चिंता
सुनवाई के दौरान सपना की ओर से यह भी कहा गया कि उनकी आगामी फिल्म ‘मोमाकू’ जल्द रिलीज होने वाली है। फिल्म के प्रीमियर और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान किसी भी संभावित विवाद या व्यवधान की आशंका को देखते हुए सुरक्षा की मांग की गई। याचिका में कहा गया कि यदि उचित सुरक्षा नहीं मिली तो उनके पेशेवर कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
अदालत ने जारी किए स्पष्ट निर्देश
न्यायिक मजिस्ट्रेट ने आदेश दिया है कि वीर साहू अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं करेंगे। उन्हें सपना के निवास, कार्यस्थल अथवा उनके आसपास जाने से भी रोका गया है। साथ ही स्थानीय पुलिस और संबंधित प्रोटेक्शन ऑफिसर को अदालत के निर्देशों के पालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2020 में हुई थी शादी
सपना चौधरी और वीर साहू ने वर्ष 2020 में विवाह किया था। दोनों की प्रेम विवाह की खबरें उस समय काफी चर्चा में रही थीं। दंपती के दो बेटे हैं। सपना चौधरी को ‘देसी क्वीन’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने हरियाणवी स्टेज शो, रागनी कार्यक्रमों और कई लोकप्रिय गीतों के माध्यम से देशभर में पहचान बनाई है। बिग बॉस-11 में भाग लेने के बाद उनकी लोकप्रियता राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी थी।

