Tuesday, May 26, 2026
Home » Blog » BJP विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी, नितिन नबीन का PA बताकर ऐंठे 10 हजार

BJP विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी, नितिन नबीन का PA बताकर ऐंठे 10 हजार

संबलपुर जंगल में फंसी गाड़ी और डीजल खत्म होने की कहानी सुनाकर किया ऑनलाइन फ्रॉड, खम्हारडीह पुलिस जांच में जुटी

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
रायपुर में भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से 10 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी, पुलिस जांच शुरू

CG Prime News@रायपुर. BJP Raipur MLA Purandar Mishra Cheated छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। MLA पुरंदर मिश्रा से एक ठग ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का निजी सहायक (PA) बताकर 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान आया कॉल

विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि वे पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में मौजूद थे। इसी दौरान उनके व्हाट्सऐप पर एक मिस कॉल आया। नंबर की जानकारी लेने पर सामने वाले ने खुद को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए  बताया। कॉल बैक करने पर आरोपी ने कहा कि वह संबलपुर के जंगल क्षेत्र में फंसा हुआ है और गाड़ी का डीजल खत्म हो गया है।

ओडिया लहजे में बातचीत से हुआ भरोसा

आरोपी ने बातचीत के दौरान ड्राइवर से भी बात करवाई, जिसने ओडिया टोन में बातचीत की। विधायक को लगा कि मामला वास्तविक है। आरोपी ने पहले 4500 रुपए की मदद मांगी, लेकिन विधायक ने मानवता के आधार पर 10 हजार रुपए भेज दिए।

दो ट्रांजेक्शन में भेजी गई रकम

जानकारी के मुताबिक, विधायक ने सेवक नारायण मिश्रा को बताए गए बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। इसके बाद दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में पहले 4500 और फिर 5500 रुपए भेजे गए। कुछ समय बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग शुरू कर दी, जिससे शक गहरा गया।

जांच में जुटी साइबर टीम

शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है।

कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला

घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब सत्ताधारी दल के विधायक और वरिष्ठ नेता भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। इससे पहले भाजपा नेता धरमलाल कौशिक से मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट की घटना भी सामने आई थी।

You may also like