CG Prime News@दुर्ग. Bus Overturns in Durg District; 19 Injured, Two in Critical Condition दुर्ग जिले में रविवार देर रात शादी की खुशियां मातम में बदल गई। बोरी थाना क्षेत्र में बरातियों को लेकर लौट रही अनियंत्रित बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। घटना में 19 लोग घायल हो गए है। वहीं दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बोरी थाना पुलिस ने बताया कि घटना ग्राम हिर्री के पास दुर्ग-जालबांधा रोड की है। जिस वक्त हादसा हुआ बस में 30 लोग सवार थे।

दुर्ग जिले में बरातियों से भरी बस पलटी, 19 लोग घायल, दो की हालत गंभीर
90 डिग्री टर्निंग में बस हुई अनियंत्रित
मिली जानकारी के मुताबिक बस ग्राम मडिय़ापार से बारात लेकर दुर्ग के तितुरडीह लौट रही थी। टर्निंग के पास तेज रफ्तार के कारण बस का अचानक संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से नीचे जा गिरी।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही बोरी थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
एम्स किया गया रेफर
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग और बच्चे को पहले जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में चल रहा है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
अरुण वोरा घायलों से मिलने पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अरुण वोरा देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कैजुअल्टी और सर्जिकल वार्ड में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार संबंधी जानकारी ली। अरुण वोरा ने कहा कि बारात जैसे खुशी के मौके से लौटते समय इस तरह की दुर्घटना अत्यंत दुखद है। घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
