CG Prime News@दुर्ग. 3 Accused Involved in Online Betting Using Fake Bank Accounts Arrested in Durg दुर्ग जिले में फर्जी बैंक खातों के माध्यम से ऑनलाइन बैटिंग में संलिप्त गिरोह पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शुक्रवार को 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी सुखनंदन राठौर ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस मामले में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं करोड़ों रुपए के लेन-देन का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से 22 ATM, 10 चेक बुक, 8 पासबुक, 4 सिम कार्ड सहित अन्य सामान जब्त किया गया है।
अवैध लाभ के लिए लोगों के खुलवाए बैंक खाते
पुलिस ने बताया कि 31.12.2025 को पीडि़त अविनाश दुबे ने थाना पदमनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपीगण द्वारा अवैध रूप से लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम, सिम, पासबुक और चेकबुक प्राप्त किए गए हैं। उन्हें विभिन्न ऑनलाइन बैटिंग ऐप में धनराशि के लेनदेन के लिए उपयोग किया जा रहा था। प्राप्त सामाग्री को मुंबई भेजकर अवैध आर्थिक गतिविधियों में उपयोग किया जाता था।
सह मुख्य आरोपी कुश गिरफ्तार
मामले में अपराध क्रमांक 566/2025 धारा 317(4), 319(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 42(2), 42(3) टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पूर्व में 16 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी। विवेचना के दौरान सह मुख्य आरोपी कुश और उसके साथी रितेश राय, महेंद्र सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है।
करोड़ों के लेने देन की जानकारी मिली
आरोपियों के कब्जे से 22 एटीएम कार्ड, 10 चेक बुक, 8 नग बैंक पासबुक, 4 सिम कार्ड, 5 मोबाइल फोन, एक नकली पिस्टल और एक रजिस्टर जब्त किया गया है। आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपए के लेन-देन की जानकारी प्राप्त हुई है। आरोपियों को र्को में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. कुश, उम्र 28 वर्ष, निवासी दीपक नगर दुर्ग, थाना मोहन नगर
2. रितेश राय, उम्र 40 वर्ष, निवासी रजत होम्स, हरी नगर, थाना मोहन नगर
3. महेंद्र सिंह ठाकुर, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 17 सुपेला, थाना सुपेला
जब्त सामग्री
1. 22 ATM कार्ड
2. 10 चेक बुक
3. 8 बैंक पासबुक
4. 4 सिम कार्ड
5. 5 मोबाइल फोन
6. एक नकली पिस्टल
7. रजिस्टर
