बिलासपुर | सोशल मीडिया के जरिए अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाले साइबर ठगी गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ₹1,50,400 की ठगी की थी। मामले में तोरवा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से पकड़ा गया।
वायरल करने की धमकी देकर ठगी
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाइल नंबरों से संपर्क कर उसे अश्लील वीडियो भेजे गए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म WhatsApp व Facebook पर वायरल करने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी ने यूपीआई के माध्यम से उससे ₹1.5 लाख से अधिक की रकम वसूल ली।
साइबर ट्रैकिंग से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और यूपीआई ट्रांजेक्शन व मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। जांच में आरोपी का ठिकाना नोएडा, उत्तर प्रदेश पाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम वहां रवाना हुई।
नोएडा से दबोचा गया आरोपी
स्थानीय पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी गुरजीत कुमार को सेक्टर-07, नोएडा से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
साइबर अपराध से सावधान रहने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की धमकी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
