राजनांदगांव | थाना बोरतलाब में दर्ज नाबालिग बालिका प्रसूति और चिकित्सकीय लापरवाही से जुड़े बहुचर्चित प्रकरण में पुलिस ने अद्यतन कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी विजय राज पर इनाम घोषित किया है। मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
फरार आरोपी पर इनाम घोषणा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय राजनांदगांव द्वारा आरोपी विजय राज की गिरफ्तारी के लिए औपचारिक उद्घोषणा जारी की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को सूचित करें।
चिकित्सीय संस्थान पर कार्रवाई
मामले में कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए National Medical Commission (NMC) को अस्पताल के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए पत्र भेजा गया है। यह पत्र State Medical Council को भी प्रेषित किया गया है, जिसमें एफआईआर और साक्ष्यों का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
न्यायालय में चालान पेश
पुलिस द्वारा मामले में जांच पूरी कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण में आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में डॉक्टर सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें अस्पताल से जुड़े लोग और अन्य सहयोगी शामिल हैं। पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
