दुर्ग/रायपुर | दुर्ग से रायपुर को जोड़ने वाला खारून नदी ब्रिज 1 अप्रैल 2026 से मरम्मत कार्य के चलते एक महीने के लिए आंशिक रूप से बंद रहेगा। इस दौरान नेशनल हाईवे-53 पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी और कई स्थानों पर डायवर्जन किया जाएगा।
भारी ट्रैफिक, जाम की आशंका
कुम्हारी टोल के पास स्थित यह पुल दुर्ग-रायपुर के बीच मुख्य संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। मरम्मत कार्य के दौरान ब्रिज के दोनों ओर लंबा जाम लगने की संभावना जताई गई है।
वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू
रिपेयरिंग के दौरान चंदनीडीह से कुम्हारी टोल प्लाजा तक और कुम्हारी से चंदनीडीह तक एक ही लेन में वन-वे ट्रैफिक संचालित किया जाएगा। इस दौरान ओवरटेकिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
दुर्ग से रायपुर के लिए वैकल्पिक मार्ग
- सेलूद – पाटन – अभनपुर मार्ग (एयरपोर्ट/नया रायपुर के लिए)
- सेलूद – फुंडा – जामगांव – मोतीपुर – अमलेश्वर
- सिरसा गेट – मोतीपुर – अमलेश्वर
- कुम्हारी – उरला – खमरिया – अमलेश्वर
रायपुर से दुर्ग के लिए वैकल्पिक मार्ग
- चंदनीडीह से पुराना पुल/रपटा होते हुए कुम्हारी
- भटगांव – अमलेश्वर – मोतीपुर – दुर्ग
- रायपुरा – अमलेश्वर – मोतीपुर – भिलाई/दुर्ग
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त डीसीपी विवेक शुक्ला, एसीपी सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार, एनएचएआई और पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर डायवर्जन प्लान तैयार किया है।
यातायात पुलिस की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्ट किए गए मार्गों का उपयोग करें और जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। साथ ही यातायात संकेतों और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
