Saturday, August 15, 2026
Home » Blog » रायगढ़ में 2 करोड़ की अवैध अफीम खेती का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

रायगढ़ में 2 करोड़ की अवैध अफीम खेती का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

आमाघाट में 60 हजार से ज्यादा अफीम पौधे बरामद, झारखंड के आरोपी सहित तीन पर NDPS केस

by cgprimenews.com
0 comments
रायगढ़ में पुलिस द्वारा अफीम की अवैध खेती पर कार्रवाई

रायगढ़| छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम आमाघाट में छापा मारकर करोड़ों रुपये की मादक फसल जब्त की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

60 हजार से ज्यादा पौधे जब्त

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद थाना तमनार की टीम ने खेत में रेड कार्रवाई की। मौके पर करीब 60,326 अफीम पौधे मिले, जिनका कुल वजन 2,877 किलोग्राम आंका गया है। इसके अलावा आरोपी के घर से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।

झारखंड निवासी आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी (झारखंड) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने दो साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था। दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (बी) और 18 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान आबकारी, एफएसएल, कृषि और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

“ऑपरेशन आघात” के तहत सख्ती

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

You may also like