रायगढ़. महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने घर में घुसकर महिला से छेड़खानी और मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन में की गई। पुलिस ने आरोपी आशीष बघेल उर्फ संजू बघेल (24 वर्ष), निवासी इंदिरानगर पूछापारा रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घर में घुसकर की मारपीट और छेड़खानी
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 25 फरवरी 2026 को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 फरवरी की दोपहर वह अपने घर का बिजली कनेक्शन ठीक करवा रही थी। इसी दौरान बिजली कुछ समय के लिए चली गई, जिससे नाराज होकर आरोपी संजू बघेल उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा।
अगले दिन फिर किया हमला
पीड़िता के मुताबिक अगले दिन रात में आरोपी फिर उसके घर में घुस आया और झगड़ा करते हुए गंदी नीयत से छेड़खानी तथा मारपीट की। इस दौरान पीड़िता के पति और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी। 15 मार्च को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी Shashi Mohan Singh ने कहा कि महिलाओं के साथ छेड़खानी, मारपीट या घर में घुसकर अपराध करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
