दुर्ग. Police ने अवैध अफीम खेती और तस्करी से जुड़े मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की) और ₹1,29,000 नकद बरामद किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई। पुलिस के अनुसार थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा–सिरसा में दर्ज प्रकरण में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की आगे की जांच के दौरान नए आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
होटल और ढाबे में छापेमारी
मामले की जांच के दौरान मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने Kathia गांव स्थित श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा में रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत के होटल के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा, ₹1.29 लाख नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपी सुनील देवासी के पास से अफीम डोडा को चुक्की बनाने के लिए उपयोग में लाई जाने वाली मिक्सी (जार सहित) और एक मोबाइल फोन भी जप्त किया गया।
अफीम खेती से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध रूप से उगाई गई अफीम के फल (डोडा) को खरीदकर होटल और ढाबों में छिपाकर रखा जाता था और बाद में उसे बाजार में बेचा जाता था। आरोपियों ने आगे भी इस तरह के अवैध कारोबार की योजना बनाई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई जारी है।
संयुक्त पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में ACCU दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
दुर्ग पुलिस की अपील
Durg Police ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।
