जशपुर. जिले में गौ तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। पुलिस कप्तान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Lal Umed Singh के निर्देशन में थाना नारायणपुर क्षेत्र के संभावित गौ तस्करी मार्गों पर सघन सर्च अभियान चलाया गया।
50 से ज्यादा पुलिस बल के साथ जंगलों में निरीक्षण
अभियान के दौरान एसएसपी स्वयं 50 से अधिक पुलिस जवानों के साथ ग्राम किनकेल, खरवाटोली और पाकरकुंदर के जंगलों में पैदल पहुंचे और गौ तस्करी के संभावित रास्तों का निरीक्षण किया।
पुलिस ने इन मार्गों को चिन्हित कर ब्लॉक कर दिया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस मितान टीम” का गठन
इस दौरान किनकेल, चट्टानपारा और पाकरकुंदर में पुलिस मितान टीम का गठन किया गया। यह टीम क्षेत्र में होने वाली गौ तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाएगी, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों को किया जागरूक
कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर गौ तस्करी, नशे के दुष्प्रभाव और बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
युवाओं को रोजगार के लिए प्रेरित
अभियान के दौरान बेरोजगार युवाओं से रोजगार के अवसर और प्रशिक्षण मॉडल पर चर्चा की गई। पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने यह भी बताया कि भविष्य में पुलिस एकेडमी कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पुलिस, सेना और अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में मदद दी जाएगी।
