Sunday, April 19, 2026
Home » Blog » इंस्टाग्राम साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

इंस्टाग्राम साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

6.25 लाख की ठगी, 17 राज्यों में 181 मामले दर्ज

by cgprimenews.com
0 comments
जयपुर से गिरफ्तार इंस्टाग्राम साइबर ठगी के आरोपी।

 बलौदाबाजार। थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने फेक इंस्टाग्राम आईडी के जरिए साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने तरेंगा निवासी एक युवती से ₹6,25,239 की ठगी की थी।

सस्ते कपड़ों का लालच, क्यूआर कोड से वसूली

प्रार्थिया भुवनेश्वरी साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि इंस्टाग्राम पर सस्ते कपड़ों का विज्ञापन देखकर उन्होंने पहले ₹1600 का भुगतान क्यूआर कोड से किया। इसके बाद बिलिंग चार्ज, जीएसटी, डिलीवरी और रिफंड चार्ज के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल ₹6,25,239 वसूल लिए गए। कैश ऑन डिलीवरी की सुविधा न होने का बहाना बनाकर आरोपियों ने व्हाट्सएप चैटिंग के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई। मामले में अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

जयपुर से संचालित होता था रैकेट

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण कर लोकेशन जयपुर (राजस्थान) ट्रेस की। संयुक्त टीम ने दबिश देकर रामकिशोर मीणा (25) और रविंदर मीणा (26) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिलाओं को सस्ते कपड़े, लहंगे और सूट का लालच देकर ठगी करना स्वीकार किया।

181 मामले, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों के खिलाफ देश के 17 राज्यों में इसी पैटर्न से साइबर ठगी के 181 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सस्ते ऑफर के झांसे में आकर क्यूआर कोड या अज्ञात लिंक के माध्यम से भुगतान न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

You may also like