दुर्ग। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए विकासखंड धमधा में अधोसंरचना निर्माण कार्यों हेतु 35.40 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। शासन द्वारा अनुमोदित लागत दर के अनुसार यह राशि विभिन्न ग्राम पंचायतों में सड़क और बाजार निर्माण कार्यों पर खर्च की जाएगी।
ग्राम पंचायतों में होंगे विकास कार्य
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.के. दुबे ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत पेण्ड्री (कु.) में हेमंत साहू के घर से हरीलाल के घर तक तथा राधे साहू के घर से महारथी साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए प्रत्येक सड़क हेतु 2.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह ग्राम पंचायत भाठा कोकड़ी में मेन रोड से नेतराम के घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं ग्राम पंचायत माटरा में महतारी सदन के सामने पुरन के घर से सूरज ठेला तक हाट बाजार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है।
ग्राम पंचायत होगी कार्यकारी एजेंसी
अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग धमधा द्वारा तकनीकी स्वीकृति के आधार पर इन कार्यों को संपादित किए जाने हेतु जनपद पंचायत धमधा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है। संबंधित ग्राम पंचायतें इन निर्माण कार्यों की कार्यकारी एजेंसी होंगी। निर्माण कार्यों के लिए मानक मानचित्र और प्राक्कलन ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीण अधोसंरचना को मिलेगा बढ़ावा
योजना के तहत स्वीकृत कार्यों से धमधा ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय बाजार व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।
