रायपुर। लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए पुलिस की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की कुल 10 नग दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
डीसीपी क्राइम की मॉनिटरिंग में बनी विशेष टीम
वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण, मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पेट्रोलिंग के दौरान पंडरी क्षेत्र में एक्टिवा वाहन पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में खुला चोरी का बड़ा नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राज सोनी और सुभाष कुम्हार बताया। दस्तावेज मांगने पर दोनों ने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया। आगे की पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर के पंडरी, खम्हारडीह, खरोरा थाना क्षेत्रों सहित दुर्ग जिले के छावनी क्षेत्र से कुल 10 दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। जांच में सामने आया कि चोरी की 4 गाड़ियों के मामले पहले से विभिन्न थानों में दर्ज थे, जबकि बरामद अन्य 6 वाहनों के संबंध में अलग से अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
10 बाइक जब्त, आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए। जब्त वाहनों की कुल कीमत लगभग ₹5,00,000 आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुभाष कुम्हार पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील
नागरिकों से पुलिस ने अपील की है कि वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपाय अपनाएं, वाहन लॉक अवश्य करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। वाहन चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
