दुर्ग। होली पर्व को देखते हुए जिले में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान थाना भिलाई नगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार जप्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-07 स्थित छत्तीसगढ़ ग्रंथालय के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में कमर में हथियार रखकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी की।
भागने की कोशिश नाकाम, तलाशी में मिला हथियार
पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनिष बाग (22 वर्ष), निवासी रायपुर नाका चर्च के पास, दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
होली को लेकर पुलिस की सघन निगरानी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर प्रभारी एवं पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध हथियार रखना दंडनीय अपराध है। त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
