CG Prime News@दुर्ग. Students beaten up in Durg Navodaya School, two teachers arrested दुर्ग जिले के बोरई स्थित जवाहर नवोदय स्कूल में 9 छात्रों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीडि़त छात्रों ने इसकी शिकायत पुलगांव थाने में की। जिसके बाद पुलगांव थाना पुलिस ने दो आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपी टीचर्स को सस्पेंड कर दिया है।

नवोदय स्कूल में फोन रखने पर 9 छात्रों को टीचर्स ने लाठी-डंडों से पीटा, दोनों टीचर गिरफ्तार
यह है पूरा मामला
बोरई स्थित जवाहर नवोदय स्कूल में 8वीं से 12वीं तक के छात्र अध्यनरत है। स्कूल में आवासीय परिसर भी है। जहां बाहर से आए बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं।
पीडि़त छात्रों के अनुसार, 21 फरवरी शनिवार की सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच मोबाइल अपने पास रखने की बात को लेकर उसे पहले प्रिंसिपल ऑफिस में मोबाइल जमा कराने को कहा गया। इसके बाद वाइस प्रिंसिपल के केबिन में बुलाकर लकड़ी के डंडे, हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की गई।
परिजनों को फोनकर बताई मारपीट की बात
पीडि़त स्टूडेंट्स ने अगले दिन 22 फरवरी को अपने घर पर कॉल कर पूरी घटनाक्रम की जानकारी दी। 24 फरवरी को पीडि़त छात्र और उनके परिजन पुलगांव थाने पहुंचे। उन्होंने शिक्षक पीयूष कुमार और पीटी टीचर रविशंकर मंडलोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पिता डोमन देशलहरा ने पुलिस को बताया कि बेटे ने कॉल पर कहा कि मोबाइल रखने की बात पर उसे और उसके साथियों को वाइस प्रिंसिपल के कमरे में बुलाकर बेरहमी से मारपीट की गई है।
छात्र के प्राइवेट पार्ट में मारा लात
पुलिस को शिकायत में बताया कि मारपीट में एक छात्र की आंखे लाल हो गई थी, एक छात्र के कान से ब्लड निकल आया। वहीं, एक अन्य छात्र ने आरोप लगाया कि उसे प्राइवेट पार्ट पर लात मारा गया, जिसके बाद उसे दर्द और सूजन की शिकायत हुई है। ये पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं डीईओ ने दोनों को सस्पेंड कर दिया है। हालांकि सीसीटीवी फूटेज सार्वजनिक नहीं किया गया है।
पुलिस ने किया दोनों टीचरों को गिरफ्तार
छात्रों से मारपीट की शिकायत परिजनों ने नगपुरा पुलिस चौकी में की थी। पुलिस ने जांच के बाद पुलगांव थाने में टीचर पीयूष कुमार (41) और पीटी टीचर रविशंकर मंडलोई (54) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए दोनों को सस्पेंड भी कर दिया।
