कांकेर. कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक ली। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों में लंबित कार्यों और प्रकरणों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।
कर्मयोगी भारत पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य
बैठक में नोडल अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर मनीष देव साहू ने बताया कि भारत सरकार द्वारा लॉन्च किए गए ‘कर्मयोगी भारत’ पोर्टल में सभी शासकीय सेवकों का ऑनबोर्ड पंजीयन 31 मार्च तक अनिवार्य है। संविदा या अन्य माध्यमों से भर्ती किए गए शासकीय सेवकों का इसमें पंजीयन नहीं होगा। पोर्टल में 25,000 से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध हैं, जिनमें सेवक अपनी रुचि और कार्य-प्रवृत्ति अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
लंबित निर्माण कार्यों की पूर्णता पर निर्देश
कलेक्टर ने जिला निर्माण समिति और डीएमएफ मद से स्वीकृत लेकिन लंबित निर्माण कार्यों को अगले माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस सेंटर भवन के पुराने प्रकरणों के कार्य को शीघ्र पूरा कर पूर्णता एवं उपयोगिता प्रमाण-पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए। अपूर्ण कामों को निरस्त करने के लिए जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी को निर्देशित किया गया।
अन्य योजनाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने जनगणना-2026 के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नीति आयोग के आकांक्षी जिला और ब्लॉक अभियान, नियद नेल्लानार योजना, सामाजिक अंकेक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पोषण पुनर्वास केंद्र और राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा कर समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में डीएफओ भानुप्रतापपुर हेमचंद पहारे, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुमार कुर्रे और अनुभागीय अधिकारी ए.एस. पैकरा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
