Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती, 435 मामले न्यायालय भेजे

ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती, 435 मामले न्यायालय भेजे

यातायात पुलिस दुर्ग की लगातार कार्रवाई, दो माह में सैकड़ों नशे में वाहन चालकों पर वैधानिक कार्यवाही

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव जांच अभियान

दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं रात्रिकालीन यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 435 ड्रिंक एंड ड्राइव प्रकरणों को न्यायालय में प्रस्तुत किया है।

यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर सघन जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है।

जनवरी और फरवरी में बड़ी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 में 198 वाहन चालकों के विरुद्ध तथा फरवरी 2026 में 237 वाहन चालकों के खिलाफ नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी एवं न्यायालयीन कार्रवाई की गई।

इस प्रकार दो माह के भीतर कुल 435 मामलों में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रकरण न्यायालय भेजे गए।

प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच

यह अभियान राजेन्द्र प्रसाद चौक दुर्ग, गुरुद्वारा तिराहा नेहरू नगर, रेल चौक सेंट्रल एवेन्यू भिलाई, बीएसएनएल चौक सेक्टर-01, सुपेला घड़ी चौक, पावर हाउस चौक, कुम्हारी टोल प्लाजा तथा दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 सहित प्रमुख मार्गों पर चलाया गया।

रात्रि 8 बजे से मध्यरात्रि तक इंटरसेप्टर वाहन एवं ब्रीथ एनालाइज़र मशीन की सहायता से वाहन चालकों की नियमित जांच की जा रही है। आवश्यकतानुसार वाहनों को जब्त कर न्यायालयीन प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।

सप्ताहांत पर विशेष निगरानी

यातायात पुलिस द्वारा सप्ताहांत के दौरान विशेष अभियान चलाकर ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समन्वित कार्रवाई से अभियान लगातार जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की स्थिति में वाहन संचालन न करें और यातायात नियमों का पालन करें। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

You may also like