Home » Blog » भिलाई में कृषक प्रशिक्षण हॉल व छात्रावास का लोकार्पण

भिलाई में कृषक प्रशिक्षण हॉल व छात्रावास का लोकार्पण

किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा — आधुनिक प्रशिक्षण से किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई रूआबांधा में कृषक प्रशिक्षण हॉल और छात्रावास का लोकार्पण करते कृषि मंत्री रामविचार नेताम

दुर्ग. भिलाई रूआबांधा में किसानों के लिए महत्वपूर्ण सौगात देते हुए कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित कृषक प्रशिक्षण हॉल एवं कृषक छात्रावास का लोकार्पण किया। यह लोकार्पण क्षेत्रीय कृषि प्रसार एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ।

दूरस्थ किसानों को मिलेगा आवासीय प्रशिक्षण

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रशिक्षण हॉल और छात्रावास की सुविधा विशेष रूप से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। किसान यहां ठहरकर आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों और नवाचार आधारित कृषि प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

कृषि नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रशिक्षण आधारित कृषि मॉडल से किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और खेती अधिक लाभकारी बनेगी। यह पहल कृषि क्षेत्र में कौशल विकास को भी मजबूती प्रदान करेगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर, संभागायुक्त श्री एस.एन. राठौर, बीज एवं कृषि विकास निगम अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may also like