डोंगरगढ़. क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से शराब परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में शराब एवं मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी
थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक संतोष जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम को 19 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि कालकापारा निवासी राज नंदेश्वर मोटरसाइकिल से अधिक मात्रा में शराब लेकर बिक्री हेतु परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम राका मोड़ पेट्रोल पंप के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान आरोपी को रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई।
6.120 बल्क लीटर शराब व बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 पाव रोमीओ देशी मदिरा, 16 पाव जम्बू स्पेशल व्हिस्की एवं 02 पाव 7 PM व्हिस्की सहित कुल 6.120 बल्क लीटर शराब जब्त की। जब्त शराब की कुल कीमत ₹3,600 तथा परिवहन में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल की कीमत ₹50,000 आंकी गई। कुल जुमला जप्ती ₹53,600 रही।
आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया न्यायिक हिरासत
आरोपी राज नंदेश्वर (24 वर्ष), निवासी कालकापारा वार्ड क्रमांक 10, डोंगरगढ़ के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, उप निरीक्षक रोहित खूंटे, आरक्षक अविलेश दीदी एवं किशन कुमार चंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
