रायपुर | शहर में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 36 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला शराब जब्त की है। पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर नार्थ जोन क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी और बिक्री रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मुखबिर सूचना पर हुई कार्रवाई
19 फरवरी 2026 को थाना खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि उरकुरा स्थित शीतलापारा तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में शराब रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर जांच की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुखीराम साहू (54 वर्ष) निवासी शीतलापारा तालाब के पास उरकुरा, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे प्लास्टिक बैग से 36 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला शराब (कुल 6.480 बल्क लीटर) बरामद हुई।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में जब आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 3,600 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 112/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
