CG Prime News@बालोद. छत्तीसगढ़ में मृत बच्ची के कब्र को खोदकर तंत्र-मंत्र क्रिया करने का मामला सामने आया है। घटना बालोद जिले गुंडरदेही थाना क्षेत्र के माहुद-बी गांव की है। जहां तीन साल की मृत बच्ची की कब्र के पास तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री मिली। साथ ही खुदाई के बाद कंकाल का सिर गायब मिला। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
तहसीलदार की मौजूदगी में खोदा गया कब्र
जानकारी के अनुसार, रविवार 15 फरवरी को माहुद-बी गांव के ग्रामीणों ने मुक्तिधाम मार्ग के पास स्थित एक कब्र के आसपास नींबू, अगरबत्ती, दीये और अन्य तंत्र-सामग्री बिखरी देखी। ग्रामीणों को आशंका हुई कि कब्र से छेड़छाड़ की गई है। सूचना मिलते ही हल्दी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतिका के पिता जितेंद्र साहू की सहमति और तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई।
खोपड़ी गायब मिली
करीब चार फीट खुदाई के बाद बच्ची का शव पूरी तरह डी-कंपोज अवस्था में मिला, लेकिन कंकाल का ऊपरी हिस्सा यानी खोपड़ी गायब थी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक जांच की तैयारी की जा रही है।
हल्दी चौकी में FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू ने बताया कि प्रथम दृष्टया महाशिवरात्रि की रात तंत्र-मंत्र क्रिया होने की आशंका है। देर रात अज्ञात तांत्रिकों द्वारा कब्र खोदकर मासूम का सिर निकाल ले जाने की बात सामने आई है। मामले में बीएनएस की धारा 301 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव भेजा जा रहा है। वहीं एएसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
9 माह पहले पड़ोसी गांव में बैगा की हुई थी हत्या
इसी तरह की घटना 9 माह पहले पड़ोसी गांव सिर्राभाठा में सामने आई थी, जहां तंत्र विद्या के चलते बैगा पुनीत राम गोंड़ की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मौके पर उस समय भी तंत्र क्रिया से जुड़ी सामग्री बिखरी मिली थी।
उस मामले में पांच आरोपी वर्तमान में जेल में हैं। घटना पूरी तरह शांत भी नहीं हुई थी कि अब पास के गांव में फिर तंत्र-मंत्र से जुड़ा नया मामला सामने आ गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
