राजनांदगांव | जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करते हुए थाना सोमनी पुलिस एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने रायपुर से राजनांदगांव की ओर आ रहे एक इलेक्ट्रिक ऑटो वाहन से 14.662 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 9 लाख 47 हजार रुपये आंकी गई है।
मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में टीम गठित कर ग्राम टेडेसरा में एमसीपी लगाकर संदिग्ध इलेक्ट्रिक ऑटो को रोका गया।
ऑटो में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा
जांच के दौरान ऑटो वाहन क्रमांक CG 04 QF 3543 की सीट के पीछे छिपाकर रखे गए 8 छोटे-बड़े पैकेटों में 14.662 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा को रायपुर से राजनांदगांव बिक्री के उद्देश्य से ला रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मौके से
-
दुर्गेश रायकर उर्फ विक्की (30 वर्ष),
-
मोह. जुल्फिकार उर्फ राजा (32 वर्ष),
-
दीपक साहू (38 वर्ष),
तीनों निवासी रायपुर, को गिरफ्तार किया है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपियों के कब्जे से एक महेंद्र कंपनी का इलेक्ट्रिक ऑटो, गांजा, मोबाइल फोन, ईयरबड और नकद राशि जब्त कर धारा 20(ख)(ii) एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
