Home » Blog » सुपेला में ऑनलाइन ठगी का आरोपी गिरफ्तार, 12.78 लाख का खुलासा

सुपेला में ऑनलाइन ठगी का आरोपी गिरफ्तार, 12.78 लाख का खुलासा

जेना स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से की गई ऑनलाइन धोखाधड़ी, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

by cgprimenews.com
0 comments
सुपेला पुलिस द्वारा ऑनलाइन ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी

दुर्ग | ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों पर लगाम कसते हुए थाना सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने जेना स्मॉल फाइनेंस बैंक, सुपेला शाखा में खुले एक म्यूल अकाउंट का खुलासा किया है, जिसके जरिए 12 लाख 78 हजार 997 रुपये की ऑनलाइन ठगी की रकम का आहरण किया गया था।

खाता खोलकर ठगी की रकम की गई जमा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद गुलाम अंसारी, उम्र 36 वर्ष, निवासी वैशाली नगर ने जेना स्मॉल फाइनेंस बैंक सुपेला में खाता खुलवाया था। इस खाते का उपयोग विभिन्न ऑनलाइन धोखाधड़ी से प्राप्त रकम को जमा कराने और आहरण करने के लिए किया जा रहा था। दिनांक 16 अक्टूबर 2024 से आरोपी के खाते में लगातार अवैध धनराशि जमा की जा रही थी।

12.78 लाख रुपये की अवैध रकम का खुलासा

जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी ने छलपूर्वक ऑनलाइन ठगी की कुल 12,78,997 रुपये की राशि अपने खाते में जमा कराई थी। आरोपी द्वारा इस धनराशि का उपयोग अवैध लाभ अर्जित करने और संपत्ति के संवर्धन के लिए किया जा रहा था, जो स्पष्ट रूप से आपराधिक कृत्य की श्रेणी में आता है।

अपराध दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत धारा 317(2), 318(4) बीएनएस में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी मोहम्मद गुलाम अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव के साथ सहायक उप निरीक्षक पूरण दास साहू एवं अभय शुक्ला की विशेष भूमिका रही। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

नाम: मोहम्मद गुलाम अंसारी, उम्र: 36 वर्ष, निवासी: वैशाली नगर, दुर्ग

You may also like