Home » Blog » दुर्ग में सूदखोर गिरफ्तार, 1.60 लाख के बदले 22 लाख की मांग

दुर्ग में सूदखोर गिरफ्तार, 1.60 लाख के बदले 22 लाख की मांग

1.60 लाख के बदले 22 लाख की अवैध मांग, 11 चेकबुक और इकरारनामा जब्त

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग में सूदखोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी हरीश पारख

पुलिस की सख्त कार्रवाई से सूदखोरों में हड़कंप

दुर्ग | जिले में सूदखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पदमनाभपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से सूदखोरी कर पीड़ित से लाखों रुपये की मांग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा पीड़ित से 1 लाख 60 हजार रुपये उधार देकर बदले में 22 लाख रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी।

DIG-SSP के निर्देशन में चला अभियान

यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई। जिले में लगातार सूदखोरी जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह महत्वपूर्ण गिरफ्तारी हुई।

स्वास्थ्य कारणों से लिया था कर्ज

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना पदमनाभपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण आरोपी हरीश पारख से 1,60,000 रुपये उधार लिए थे। आरोपी द्वारा प्रति माह 10 प्रतिशत ब्याज वसूला जा रहा था और भुगतान न करने पर रकम को दोगुना कर दिया जाता था।

3.20 लाख लौटाने के बावजूद नहीं मिली राहत

प्रार्थी ने आरोपी को मूलधन और ब्याज मिलाकर कुल 3,20,000 रुपये वापस कर दिए थे, इसके बावजूद आरोपी ने अवैध तरीके से स्टेट बैंक शाखा के 11 खाली चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए और 22 लाख रुपये की मांग करने लगा। आरोपी द्वारा इकरारनामा भी बनवाया गया।

धमकी और दबाव से परेशान होकर पहुंचा थाना

आरोपी की धमकी और अवैध वसूली से परेशान होकर पीड़ित ने थाना पदमनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 89/2026 धारा 296, 351(2), 308(2) बीएनएस एवं 4 कर्जा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में आरोपी ने किया अपराध स्वीकार

विवेचना के दौरान आरोपी हरीश पारख को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद दिनांक 29 जनवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

आरोपी का विवरण

नाम: हरीश पारख,पिता:- स्व. मोहन लाल पारख, उम्र: 60 वर्ष, पता: HIG-1/79, न्यू बोरसी, दुर्ग

You may also like