राजेन्द्र शर्मा/ भोपाल। शहर के न्यू मार्केट डीपो चौराहे के समीप स्थित प्रगति परिसर में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और घना धुआं इतना तेज था कि दूर-दराज़ के इलाकों से भी धुएं का गुब्बार दिखाई देने लगा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
शाम 4 बजे लगी आग, मची भगदड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने की यह घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की है। प्रगति परिसर में सोसाइटी कार्यालय के साथ-साथ कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान और आवासीय हिस्से भी मौजूद हैं। अचानक इमारत के ऊपरी हिस्से से धुआं निकलता देख आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही नजदीकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। कुछ ही समय में दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया गया।
ट्रैफिक प्रभावित, रूट डायवर्ट
आग की वजह से न्यू मार्केट डीपो चौराहे पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मौके पर तैनात किया गया और वाहनों का रूट डायवर्ट करना पड़ा। काफी देर तक चौराहे पर जाम की स्थिति बनी रही।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
